रूरल चैंबर ऑफ कॉमर्स की टीम ने विकासनगर ब्लाक के रुद्रपुर गांव मे स्थित ग्रामीण रूरल हाट का भ्रमण कर ग्रामीण को उद्यमिता के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल घुंइखेड़कर ने ब्रांडिंग, नेटवर्किंग, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, मार्केटिंग, फाइनेंशियल प्लानिंग आदि विषयों पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली हल्दी व अदरक की उपलब्धता को देखते हुए ग्रामीणों से इनसे बनने वाले विभिन्न उत्पादों पर काम करने हेतु विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर, कम्यूनिटी इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स चैंबर ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. उमेश कन्नौजिया, ने ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवाओं से बात करके उन्हें इस कारोबार से जोड़ने की भी सलाह दी।

उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के ग्रामीण उद्यमिता प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. धीरेंद्र सिंह गंगवार ने क्षेत्र के विकास मे युवाओं से उद्यमिता के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

अन्य वक्ताओं ने भी हल्दी व अदरक से तैयार उत्पादों पर उद्यम लगाकर प्रतिभागियों को अपनी आय में वृद्धि करने के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि शुद्ध व गुणवत्ता युक्त जिंजर पाउडर, सोंठ, अचार, चटनी आदि उत्पाद तैयार करके देश-विदेश के बाजार में विक्रय किया जाए तो इससे किसानों को न सिर्फ एक मजबूत व्यापार मिलेगा बल्कि उनकी आय भी बढ़ेगी। रूरल चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से जयश्री किसान स्वायत्त सहकारिता समूह को राष्ट्रीय स्तर पर मार्केटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।

इस कार्यक्रम में सेंटर फॉर टेक्नोलॉजी एंड डेवलपमेंट के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, प्रथमेश एग्रो-एक्सोर्ट के निदेशक प्रथमेश तुंभे, रूरल चैंबर ऑफ कॉमर्स व जयश्री किसान स्वायत्त सहकारिता समूह के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *