
करोड़ों के भूमि घोटाले में एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार पुलिस कर्मियों का हो नार्को टेस्ट- मोर्चा
#पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय की भूमिका भी संदिग्ध हो रही प्रतीत |
#दो पुलिसकर्मी आयात करने के पीछे के रहस्य का हो पर्दाफाश|
#हरिद्वार भूमि घोटाले में फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी का है मामला|
#आईजी कार्यालय व भूमि हड़पने वाले गठजोड़ की हो जांच |
#कहीं उच्चाधिकारी दबाव में तो नहीं कराई गई पावर ऑफ अटॉर्नी!
विकासनगर- जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि हाल ही में जनपद हरिद्वार के ग्राम सुनहरा में लगभग 50 करोड रुपए की बेशकीमती भूमि फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए हड़पने के खेल के पीछे जिस तरह से एसटीएफ द्वारा पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय की विशेष कृपा / मौखिक आदेश पर तैनात दो पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी संलिप्तता सामने आई है, इससे स्पष्ट हो जाता है कि आईजी कार्यालय का कहीं न कहीं संरक्षण इन दोनों पुलिसकर्मियों को था, इसलिए यह आवश्यक हो गया है कि इन दोनों पुलिसकर्मियों का नार्को टेस्ट कराने की कार्रवाई सरकार करे | यहां सवाल इस बात का है कि इनको अन्यत्र जनपदों से हरिद्वार स्थानांतरित करने व मौखिक आदेश पर आईजी कार्यालय आयात करने के पीछे किसकी सिफारिश थी व इस कहानी के पीछे कौन था , इसकी भी जांच होनी आवश्यक है | जिस घोटाले की गुंज पूरे प्रदेश के अंदर सुनाई दे रही हो, वो घोटाला साधारण नहीं हो सकता | यह भी संभव है कि उक्त पावर ऑफ अटॉर्नी आईजी कार्यालय के दबाव में पुलिस कर्मी ने अपने परिजन के नाम कराई हो ! नेगी ने कहा कि इन दो छोटी-छोटी मछलियों को तो पकड़ा जा चुका है, लेकिन बड़े वाले मगरमच्छ पर आज तक शिकंजा क्यों नहीं कसा गया! कहीं आईजी राजीव स्वरूप का संरक्षण तो इन पुलिस कर्मियों को नहीं ! कहीं इनके इशारे पर तो नहीं घोटाले को अंजाम दिया गया ! क्यों इन पर हाथ नहीं डाला जा रहा ! क्यों इस नेक्सस की कॉल रिकॉर्डिंग डिटेल नही खंगाली जा रही ! पार्षद,गैंगस्टर, पुलिसकर्मियों व बड़े वाले मगरमच्छों के गठजोड़ का भी पर्दाफाश होना चाहिए | आश्चर्य इस बात का है कि बदमाशों, लुटेरों से अपनी संपत्ति की रक्षा करने हेतु जनता को पुलिस पर भरोसा होता है, लेकिन यहां तो पुलिस ही खुद भक्षक बनकर लोगों को लूटने का काम कर रही है | मोर्चा सरकार से मांग करता है कि न्याय के सिद्धांत के दृष्टिगत आईजी राजीव स्वरूप को पदमुक्त कर गिरफ्तार दोनों पुलिस कर्मियों का नार्को टेस्ट कराए जाने की दिशा में कार्रवाई करे | अगर सरकार ने जांच नहीं कराई तो मोर्चा आंदोलन करने को विवश होगा | पत्रकार वार्ता में- दिलबाग सिंह व प्रवीण शर्मा पिन्नी मौजूद थे |
